देहरा, 21 सितंबर 2026: राजकीय महाविद्यालय देहरा में आज प्राचार्य श्रीमती रजनी सांख्यन के दिशा-निर्देशानुसार निवेश शिक्षा एवं वित्तीय जागरूकता विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वाणिज्य एवं अर्थशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
इस अवसर पर श्री सचिन प्रतीक शर्मा, लेक्चरर , राजकीय पॉलीटेक्निक पोंटा साहिब धौलाकुआं, तहसील पोंटा साहिब, जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश ने विद्यार्थियों को निवेश शिक्षा एवं वित्तीय जागरूकता के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता, बचत, निवेश, पूंजी बाजार, निवेशक संरक्षण तथा सुरक्षित एवं समझदारीपूर्ण निवेश के प्रति जागरूक करना था। श्री सचिन प्रतीक शर्मा ने विद्यार्थियों को निवेश के विभिन्न विकल्पों, निवेश से जुड़े जोखिमों तथा निवेश करते समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को SEBI (भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड) की भूमिका, निवेशकों के अधिकारों तथा पूंजी बाजार में सुरक्षित निवेश के महत्व के बारे में भी अवगत करवाया। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने वित्तीय एवं निवेश संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका वक्ता द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से उत्तर दिया गया।
कार्यक्रम में लगभग 45 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने व्याख्यान में सक्रिय सहभागिता करते हुए निवेश एवं वित्तीय जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।