12 नम्बर 2024 को नेहरू युवा केंद्र धर्मशाला एवं महाविद्यालय की सड़क सुरक्षा क्लब, इको क्लब, रोवर एंड रेंजर और राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में "नशीली दवाओं की लत और मादक द्रव्यों के सेवन" विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सतीश सोनी ने की। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्रो मोनिका शर्मा ने महाविद्यालय के समस्त छात्रों को जीवन्त उदाहरण देते हुए नशे के दुष्परिणाम, नशे की गम्भीरता,नशे से होने वाली मानसिक बीमारियों व नशे से स्वयं को बचाने के विषय पर चर्चा की। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सतीश सोनी ने भी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी तथा सभी को यह प्रण दिलवाया कि ना ही हम स्वयं नशा करेंगे और ना ही अपने आसपास के लोगों को नशा करने देंगे। इस अवसर पर मंच का संचालन प्रो शिवानी गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के अंत में नेहरू युवा केंद्र से आए सुखदीप ने महाविद्यालय के प्राचार्य को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रो निशा, डॉ प्रवीण विशेष रूप से उपस्थित रहे।